क्राइम

दहेज के लिए पत्नी की हत्या का आरोप, पति ने पिटाई के बाद जहर पिलाकर उतारा मौत के घाट

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज की मांग ने एक विवाहिता की जान ले ली। मायके पक्ष का आरोप है कि पति ने दहेज को लेकर पहले पत्नी की निर्ममता से पिटाई की, फिर उसे जहर पिलाकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज मामला लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव का है।

इलाज के बहाने छिपाने की कोशिश

जानकारी के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति जोहन साहू ने अपने जुर्म को छिपाने के इरादे से पत्नी लोकेश्वरी को लोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। महिला की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल कवर्धा रेफर किया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया

सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने पति जोहन साहू को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में दहेज प्रताड़ना और हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

इधर, मृतका के मायके पक्ष के परिजन एसपी कार्यालय कवर्धा पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर लोकेश्वरी के साथ मारपीट की और बाद में उसे जहर पिलाकर मार डाला। परिजनों ने पति के साथ-साथ सास-ससुर की भी घटना में संलिप्तता होने का आरोप लगाया है।

जांच में दोषी पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। जांच में यदि अन्य परिजन दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद महाराटोला गांव में मातम का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

यह घटना एक बार फिर समाज में दहेज जैसी कुप्रथा की भयावह तस्वीर को सामने लाती है, जिसने एक महिला की जिंदगी छीन ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button