टेक्नोलॉजी

नागपुर की सोलर इंडस्ट्रीज ने खरीदी अफ्रीका की 73 साल पुरानी कंपनी, 12 हजार 9 सौ 51 करोड़ में हुई डील

नागपुर. उपराजधानी की सोलर इंडस्ट्रीज ने विदेश में कारोबार बढ़ाने के लिए बड़ा दांव खेला है। कंपनी ने दक्षिण अफ्रीका की ओम्निया होल्डिंग्स को करीब 12,951 करोड़ में खरीदने का समझौता किया है। ओम्निया खनन, खेती और रसायन के कारोबार से जुड़ी कंपनी है। सोलर समूह के एमडी और सीईओ मनीष नुवाल ने इस सौदे की पुष्टि की है। सोलर ने सोमवार को स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि ओम्निया की 100% हिस्सेदारी नकद में खरीदी जाएगी। यह सौदा करीब 1.355 अरब डॉलर का है। हालांकि, सौदे को ओम्निया के शेयरधारकों और संबंधित देशों की नियामकीय मंजूरी मिलना बाकी है। मंजूरी मिलने के बाद ही सौदा पूरा होगा।

ओम्निया करीब 73 साल पुरानी कंपनी है। इसका कारोबार अफ्रीका सहित 40 देशों में फैला है। कंपनी खनन के लिए विस्फोटक और उससे जुड़ी तकनीक उपलब्ध कराती है। खेती के लिए फसल पोषण और जैविक खेती से जुड़े उत्पाद बनाती है। इसके अलावा कंपनी कई तरह के रसायन भी बनाती है। ओम्निया के पास नाइट्रिक एसिड और अमोनियम नाइट्रेट बनाने के कारखाने हैं। अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल खनन में होने वाले विस्फोटक बनाने में किया जाता है। कंपनी ने हाल ही में 5 हजार टन क्षमता का नया अमोनियम नाइट्रेट टैंक बनाया है। वित्त वर्ष 2025-26 में ओम्निया का कारोबार करीब 13,307 करोड़ रहा था। कंपनी की तकनीक और ग्राहक नेटवर्क से सोलर को विदेश में अपना कारोबार बढ़ाने में मदद मिलेगी।

सोलर की अब 90 देशों में पहुंच सोलर इंडस्ट्रीज ने अफ्रीका में कारोबार की शुरुआत 2010 में जाम्बिया में कारखाना लगाकर की थी। 2015 में दक्षिण अफ्रीका में कारोबार शुरू किया और 2017 में मिडलबर्ग में कारखाना लगाया। 2024 में सोलर ने दक्षिण अफ्रीका की प्रोब्लास्ट कंपनी को भी खरीदा था। सोलर के 11 देशों में कारखाने हैं। दुनिया में कंपनी के 40 से ज्यादा उत्पादन केंद्र हैं। इसके उत्पाद 90 से ज्यादा देशों में पहुंचते हैं। कंपनी में 16,500 से ज्यादा कर्मचारी हैं। ओम्निया के अधिग्रहण के बाद अफ्रीका में सोलर का कारोबार और बढ़ेगा।

Related Articles

Back to top button