MP-छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, बिलासपुर-पेंड्रा और कटनी रूट पर बढ़ेंगी तीसरी और चौथी लाइन

केंद्र ने 10,783 करोड़ की तीन मल्टीट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी जिसमें बिलासपुर-पेंड्रा तीसरी और कटनी-पेंड्रा चौथी लाइन शामिल है. CM विष्णु देव साय ने स्वागत करते हुए PM मोदी और रेल मंत्री का आभार जताया. इससे 656 किमी नेटवर्क बढ़ेगा, 56 लाख लोगों और उद्योगों को लाभ मिलेगा

केंद्र सरकारी की मंजूरी के बाद मल्टीट्रैकिंग रेल परियोजनाएं विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई गति देंगी. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 10 हजार 783 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन महत्वपूर्ण मल्टीट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है.
सीएम ने कहा कि इनमें बिलासपुर (उसलापुर)-पेंड्रा रोड तीसरी लाइन और कटनी-पेंड्रा रोड चौथी लाइन छत्तीसगढ़ के विकास की दृष्टि से विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं. इन परियोजनाओं से प्रदेश के रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी, यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा तथा उद्योग और व्यापार के लिए माल परिवहन अधिक सुगम एवं प्रभावी होगा.
राज्य में रेल ढांचा मजबूत हो रहा
साय ने कहा, ‘‘पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में आधुनिक और मजबूत रेल बुनियादी ढांचा के निर्माण की दिशा में अभूतपूर्व गति से कार्य हो रहा है. छत्तीसगढ़ को भी इसका निरंतर लाभ मिल रहा है. नई मल्टीट्रैकिंग परियोजनाएं ‘विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को गति देने के साथ प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों, औद्योगिक विकास और रोजगार की नई संभावनाओं को विस्तार देंगी.”
मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री मोदी तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया है.



