
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में जंगल में मवेशी चराने गए दो ग्रामीणों पर भालू ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में दोनों ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, घटना पालामडगू गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर जंगल में दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। पालामडगू के पटेलपारा निवासी पोडीयाम मुड़ा (30) और कवासी हिड़मा (लगभग 50 वर्ष) जंगल में मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना भालू से हो गया। इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते, भालू ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में दोनों ग्रामीण घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
भालू के हमले के बाद पालामडगू और आसपास के इलाकों में ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने जंगल की ओर जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वन विभाग की ओर से भी क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



