
महासमुंद/पिथौरा: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। पिथौरा थाना क्षेत्र के लाखागढ़ के पास दो ट्रकों में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इस दौरान एक ट्रक के चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।

खराब ट्रक के पास पहुंचते ही दूसरे वाहन में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, चावल से भरा एक ट्रक खराब होने के कारण लाखागढ़ के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पिथौरा से सरायपाली की ओर जा रहा दूसरा ट्रक वहां पहुंचा। इस ट्रक में दोना-पत्तल और राशन सामग्री लदी हुई थी।
बताया जा रहा है कि खराब ट्रक के पास पहुंचते ही चल रहे ट्रक के इंजन में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़े चावल से लदे ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटों से मची अफरा-तफरी
दोनों ट्रकों में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए। हादसे के दौरान एक ट्रक के चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तीन जगहों से बुलाई गई दमकल की गाड़ियां
घटना की सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल ट्रकों में आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पिथौरा पुलिस मामले की जांच कर रही है।



