कांग्रेस का विरोध मार्च शुरू, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट में दाखिल करेंगे याचिका..

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी है. 11 अक्टूबर को स्टूडेंट एक्टिविस्ट नेहा बोरा सहित कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. आज यानी 12 अक्टूबर को दिल्ली में विपक्ष सरकार के खिलाफ हल्लाबोल करने की तैयारी में है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने का ऐलान किया है. उन्होंने विपक्षी पार्टियों, सिविल सोसाइटी ग्रुप्स और नागरिकों से अपील की है कि वे ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल हों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करें.

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “इस मार्च में अलग-अलग सियासी पार्टियों, लिंग, जाति, समुदाय और राज्यों के लोग एक साथ आएंगे.” उन्होंने कहा कि इसमें शामिल लोग भारत के मुख्य न्यायाधीश को एक ज्ञापन सौंपेंगे, जिसमें कथित ‘वोट चोरी’ को रोकने, वोटर लिस्ट के एसआईआर प्रोसेस को रोकने और कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी. वहीं, सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने विपक्षी दलों से मुलाकात करने से मना कर दिया है.
वहीं, आज दिल्ली मेट्रो की कुछ लाइनें प्रभावित रहेंगी. DMRC के मुताबिक, सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक दिल्ली मेट्रो के 6 स्टेशन बंद रहेंगे. इनमें पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंबा रोड स्टेशन शामिल हैं. हालांकि, इंटरचेंज की सुविधा सभी स्टेशनों पर सामान्य रहेगी.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के बाराखंभा से सुप्रीम कोर्ट तक कांग्रेस का मार्च हो रहा है. समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, राहुल गांधी के ‘डेमोक्रेसी मार्च’ में शामिल हुए. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “यह ताकत का प्रदर्शन नहीं, बल्कि पूरे देश की मांग है. देश भर में लोग विरोध कर रहे हैं.”
राजधानी दिल्ली में अब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा. गृह मंत्रालय ने राजधानी में प्रदर्शन करने की जगह को बदल दिया है. अब प्रदर्शन के लिए तीन जगहें तय की गई हैं. गृह मंत्रालय ने राजधानी में प्रदर्शन की जगह के लिए एक कमिटी का गठन किया था. कमिटी की सिफारिश के बाद राम लीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को प्रदर्शन के नई जगहों के रूप में मान्यता दी गई है.
कॉकरोच जनता पार्टी ने लीडर्स आज यानी 12 अक्टूबर को जंतर-मंतर प्रोटेस्ट को लेकर पार्लियामेंट स्ट्रीट पहुंचे थे. सीजेपी ने दिल्ली पुलिस को 24 घंटे का वक्त दिया है और यह बताने को कहा है कि प्रोटेस्ट कहां करना है, नहीं तो हम फिर सड़कों पर उतरेंगे.
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में बाराखंबा रोड से प्रोटेस्ट मार्च शुरू हो रहा है. यह मार्च सुप्रीम कोर्ट तक जाएगा. बाराखंबा रोड पर कांग्रेस कार्यकर्ता इक्कठा होना शुरू हो चुके हैं.



