बच्चों की लड़ाई में बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की मौत, अचानक जमीन पर गिरे; भतीजा हिरासत में

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पारिवारिक विवाद के दौरान बच्चों के बीच हो रही मारपीट को रोकने पहुंचे एक बुजुर्ग की अचानक गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला चांपा थाना क्षेत्र के उच्चभट्ठी गांव का बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना के सिलसिले में मृतक के भतीजे राजकिरण यादव को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
घर पहुंचने के बाद शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राजकिरण यादव अपने चाचा लोचन प्रसाद यादव के घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर राजकिरण यादव और लोचन प्रसाद यादव के बच्चों के बीच भी हाथापाई होने लगी।
बच्चों को लड़ता देख पहुंचे थे लोचन प्रसाद
बच्चों को आपस में लड़ते देखकर लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने के लिए पहुंचे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बातचीत करते हुए वह अचानक जमीन पर गिर पड़े। उनके गिरते ही परिवार के लोग उन्हें संभालने के लिए दौड़े, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
घटना की जानकारी मिलते ही चांपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने राजकिरण यादव को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि लोचन प्रसाद यादव की मौत गिरने के कारण हुई या घटना के दौरान उन्हें किसी तरह की चोट लगी थी। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस परिवार के सदस्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।



