छत्तीसगढ़

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई तेज, बारिश थमी; दिन में गर्मी और रात में बढ़ेगी ठंडक

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों से मानसून लौट चुका है, जिसके चलते बारिश पर फिलहाल ब्रेक लग गई है। मौसम शुष्क रहने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी और तेज धूप का असर महसूस हो रहा है। हालांकि, आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ने के संकेत हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय प्रदेश में कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 5 अक्टूबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो सकती है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

बीते 24 घंटे में बारिश नहीं

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान राजनांदगांव में सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।

फिलहाल मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

अगले 2-3 दिनों में और इलाकों से लौटेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ के अधिकांश हिस्सों से भी मानसून की विदाई होने की संभावना है।

वर्तमान में मानसून वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है। इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश से दक्षिण बिहार होते हुए विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई है।

दिन में गर्मी, रात में बढ़ेगी ठंड

मानसून की विदाई के बाद अब मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि रात के समय तापमान में गिरावट आने से ठंडक महसूस होने लगेगी। आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम के इसी तरह शुष्क बने रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button