
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में INDIA गठबंधन के विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को दिल्ली में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला। संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक प्रस्तावित करीब 3 किलोमीटर के इस मार्च में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, तृणमूल कांग्रेस समेत 19 विपक्षी दलों के सांसद शामिल हुए।
मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने विपक्षी सांसदों को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग के बाद मौके पर जमकर नारेबाजी हुई। कुछ विपक्षी सांसद बैरिकेड पर चढ़ गए, जबकि कई सांसद वहीं धरने पर बैठ गए।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत कई नेता मार्च में शामिल
INDIA गठबंधन के इस प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी समेत करीब 150 सांसदों के शामिल होने की बात कही गई है। विपक्षी दलों ने इस मार्च को लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता से जोड़ते हुए इसका नाम ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ रखा है।
विपक्षी दलों का आरोप है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर उनकी चिंताओं का उचित समाधान नहीं किया जा रहा है। इसी के विरोध में सांसद संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक मार्च करना चाहते थे।
SIR के मुद्दे पर विपक्ष का विरोध
विपक्षी दल विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी लगातार सवाल उठा रहे हैं। INDIA गठबंधन के नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए।
इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। हालांकि पुलिस द्वारा रास्ता रोके जाने के बाद मार्च आगे नहीं बढ़ सका और सांसदों ने मौके पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।
5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान
इस बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान भी जारी है। असम की नगांव लोकसभा सीट के अलावा पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम तथा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है।
इन सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। चुनाव आयोग और प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।



