12 अक्टूबर को रायपुर आएंगे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, RPF स्थापना दिवस की तैयारियां तेज; खमतराई ओवरब्रिज पर पर्दादारी

रायपुर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के रायपुर दौरे की तारीख में बदलाव किया गया है। अब वे 9 अक्टूबर के बजाय 12 अक्टूबर को राजधानी पहुंचेंगे। इस दौरान वे रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। मंत्री के आगमन को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन स्थल से लेकर रेलवे स्टेशन तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
परेड की रिहर्सल जारी, अधिकारी व्यवस्थाओं का ले रहे जायजा
रेल मंत्री के दौरे को लेकर रेलवे सुरक्षा बल के जवान नियमित रूप से परेड का अभ्यास कर रहे हैं। समारोह को भव्य बनाने के लिए अधिकारियों की टीमें तैयारियों की निगरानी कर रही हैं। आयोजन स्थल पर मंच, सड़क और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

खमतराई ओवरब्रिज के दोनों ओर लगाए गए रंगीन पर्दे
दौरे से पहले खमतराई ओवरब्रिज के दोनों तरफ रंगीन पर्दे लगाए जा रहे हैं। इसके लिए बांस-बल्लियों का सहारा लिया गया है। ब्रिज के आसपास संचालित ठेलों और गुमटियों को भी बंद करा दिया गया है। DRM कार्यालय से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सजावट और अन्य तैयारियां जारी हैं।
रेलवे इंस्टीट्यूट के पास से रेल मंत्री के मंच तक मैदान में सीसी रोड का निर्माण पूरा कर लिया गया है। वहीं, ग्राउंड के चारों ओर मुरम की सड़कें तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है।
रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य से यात्रियों को परेशानी
रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर नए फुटओवर ब्रिज के लिए लिफ्ट लगाने का काम भी जारी है। क्रेन की मदद से किए जा रहे निर्माण कार्य के कारण प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही के लिए उपलब्ध जगह प्रभावित हुई है। ट्रेनों के आने के दौरान यात्रियों की भीड़ बढ़ने से उन्हें आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भाठागांव बस स्टैंड पर RPF बैंड की प्रस्तुति
RPF स्थापना दिवस समारोह से पहले शहर के विभिन्न स्थानों पर रेलवे सुरक्षा बल की बैंड पार्टी प्रस्तुतियां दे रही है। मंगलवार को भाठागांव बस स्टैंड पर जवानों ने लोकप्रिय धुनों और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। बैंड की मधुर धुनें सुनकर वहां से गुजर रहे लोग रुक गए और कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए।
रेल मंत्री के दौरे के दौरान RPF जवानों की परेड और रिहर्सल का निरीक्षण भी प्रस्तावित है। ऐसे में 42वें स्थापना दिवस समारोह को खास बनाने के लिए रेलवे प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।



