
कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत बिछाई जा रही नई रेल लाइन की पटरियों की चोरी का मामला सामने आया है। जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव में पुलिस ने एक किराए के मकान पर दबिश देकर करीब 6,480 किलोग्राम वजन की रेलवे पटरी बरामद की है। मौके से रेलवे ट्रैक के 36 टुकड़ों के अलावा गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और एक स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मकान किराए पर लेने वाला संदिग्ध युवक फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
किराए के मकान में छिपाकर रखी गई थीं पटरियां
मामला जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, यहां आखिर लाल के पक्के मकान को राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। बताया जा रहा है कि वह छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत नई रेल लाइन बिछाने का काम कर रही एक निजी कंपनी में कार्यरत था।

पुलिस ने मकान में तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में कटी हुई रेलवे पटरी बरामद की। जब्त पटरियों का कुल वजन लगभग 6.48 टन बताया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में रेलवे सामग्री मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
गैस कटर और सिलेंडर समेत वाहन जब्त
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक स्वराज माजदा वाहन जब्त किया गया है।
बरामद उपकरणों के आधार पर पुलिस रेलवे पटरी काटने और उसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, चोरी की पूरी प्रक्रिया और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस की दबिश से पहले फरार हुआ संदिग्ध
बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही राजू कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद रेलवे पटरी कहां से लाई गई थी और इस मामले में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं, इसकी जानकारी जुटाने में मदद मिल सकती है।
जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि मौके से रेलवे की सामग्री बरामद की गई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। नई रेल लाइन का काम कर रही कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाया गया है, ताकि बरामद पटरियों की पहचान और उनके स्रोत की पुष्टि की जा सके।
सीमावर्ती इलाकों में चोरी का माल खपाने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में रेलवे की चोरी की सामग्री को खपाने का नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। हालांकि, इस आशंका की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस बरामद रेलवे ट्रैक, उपकरणों और वाहन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मुताबिक, बरबसपुर गांव के किराए के मकान से 36 नग रेलवे पटरी, जिनका कुल वजन करीब 6,480 किलोग्राम है, बरामद की गई हैं। चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है। मामले में फरार संदिग्ध की तलाश जारी है।
अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि बरामद पटरियां रेल कॉरिडोर के किस हिस्से से लाई गई थीं और इस मामले में किसी संगठित गिरोह की भूमिका है या नहीं।



