छत्तीसगढ़न्यूज़बिलासपुरराजनीति

देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर 16 अक्टूबर को सुनवाई, हाईकोर्ट में फिर होगी बहस

बिलासपुर। भिलाई नगर विधानसभा सीट से विधायक देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 16 अक्टूबर को होगी। भाजपा के पराजित प्रत्याशी प्रेम प्रकाश पांडेय ने देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देते हुए याचिका दायर की है। मामले में पिछली सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं की सहमति के बाद कोर्ट ने सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 151 के तहत प्रस्तुत आवेदन को विचार के लिए रखने का निर्देश दिया।

मामले की सुनवाई जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की सिंगल बेंच में हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के वकील मौजूद रहे। अब मामले की अगली सुनवाई 16 अक्टूबर को निर्धारित की गई है।

नामांकन में अनियमितता का लगाया आरोप

भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे प्रेम प्रकाश पांडेय ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर की है। इसमें उन्होंने विधायक देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती दी है।

याचिकाकर्ता का आरोप है कि देवेंद्र यादव का नामांकन पत्र नियमों के विपरीत स्वीकार किया गया। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया के दौरान जरूरी वैधानिक जानकारी नहीं दिए जाने और कथित तौर पर ऐसे बयान या आचरण किए जाने का आरोप भी लगाया गया है, जिन्हें याचिकाकर्ता ने चुनावी भ्रष्ट आचरण की श्रेणी में बताया है।

इन आरोपों के आधार पर प्रेम प्रकाश पांडेय ने हाईकोर्ट से देवेंद्र यादव के निर्वाचन को लेकर राहत देने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत को करना है।

2024 में हाईकोर्ट ने तय किए थे पांच अहम मुद्दे

इस चुनाव याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने 21 अगस्त 2024 को मामले से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दे निर्धारित किए थे। इनमें देवेंद्र यादव के नामांकन पत्र की स्वीकृति की वैधता, प्रत्याशी की ओर से आवश्यक जानकारी दिए जाने का सवाल और चुनाव के दौरान कथित भ्रष्ट आचरण के आरोप शामिल हैं।

इसके अलावा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 83 के तहत चुनाव याचिका में निर्धारित अनिवार्य शर्तों का पालन किए जाने और याचिकाकर्ता को मांगी गई राहत देने के अधिकार पर भी विचार किया जाना है।

अब 16 अक्टूबर को होने वाली सुनवाई में मामले से जुड़े आवेदन और अन्य कानूनी पहलुओं पर आगे की कार्यवाही होगी।

Related Articles

Back to top button