बिलासपुर

योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन, प्रशिक्षण शिविर में आया हार्ट अटैक

बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का आकस्मिक निधन हो गया। वे भारतीय जनता पार्टी के जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे थे, जहां कार्यक्रम के दौरान उन्हें अचानक कार्डियक अटैक आया।

जानकारी के मुताबिक, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में सिन्हा प्रशिक्षण प्रभारी के रूप में मौजूद थे। सोमवार को शिविर का शुभारंभ हुआ था और आज इसका समापन होना था। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर उनके सीने में तेज दर्द उठा।

मौके पर मौजूद नेताओं ने तत्काल स्थिति संभाली। विधायक धरमलाल कौशिक और अन्य पदाधिकारियों ने सिम्स अस्पताल प्रबंधन को पहले ही सतर्क कर दिया था। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने भी अस्पताल प्रशासन को आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए।

सिन्हा को तुरंत सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत कार्डियक अटैक के कारण हुई।

इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर है।

Related Articles

Back to top button