बालोद

कौन सी सजा मिली कि सरकार से बाहर हो गए – बालोद में भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बालोद में सिन्हा कलार समाज के जिला स्तरीय भवन के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए. उन्होंने भवन का लोकार्पण किया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित किया. इस दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थे, तब सभी समाजों के लिए भवन स्वीकृत किए गए थे और अब वे भवन बनकर तैयार हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि सरकार से बाहर होने के बाद भी उन्हें जनता का ज्यादा प्रेम मिल रहा है. उनके मुताबिक, पांच साल के कार्यकाल में किए गए कामों को जनता याद कर रही है.

भूपेश बघेल ने तारा कोल आवंटन के मुद्दे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी थी, लेकिन अभी तक किसी तरह का जवाब नहीं मिला है. उन्होंने प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा पर भी तंज कसते हुए उन्हें ‘छोटा रिचार्ज’ कहा. बघेल ने कहा कि वह हर तरह की चर्चा के लिए तैयार हैं. वहीं, नक्सलवाद और ‘नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़’ के मुद्दे पर गृह मंत्री की ओर से चर्चा की चुनौती दिए जाने के सवाल पर भी उन्होंने मुख्यमंत्री को पहले चुनौती स्वीकार करने की बात कही.

छात्रों की गूंज को लेकर क्या बोले
पूर्व मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘छात्रों की गूंज’ जैसा कार्यक्रम होना चाहिए. भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि 2024 में पेपर लीक के मामले सामने आए और वर्तमान समय में भी पेपर लीक के आरोप लग रहे हैं. उन्होंने कहा कि योग्य लोगों को पद नहीं मिल पा रहे हैं और आंसर शीट सार्वजनिक नहीं की जा रही हैं. उन्होंने शिक्षा और सरकारी नौकरियों के क्षेत्र में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी जब छात्रों से संवाद करेंगे तो इस तरह के कार्यक्रम से कोई सकारात्मक समाधान निकल सकता है.

छात्र की मौत पर भी उठे सवाल
बालोद के डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 10वीं कक्षा के छात्र विनय कुमार की मौत के मामले को लेकर भी भूपेश बघेल ने सरकार पर सवाल उठाए. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, 10 सितंबर को छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे पर मिला था और इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई. बघेल ने कहा कि यदि किसी आदिवासी छात्र की मौत हुई है तो सरकार यह कहकर जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती कि विद्यालय का संचालन केंद्र सरकार के हाथों में है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहे तो जांच टीम गठित कर सकती है और पुलिस भी मामले की जांच कर सकती है.

कई मुद्दों पर सरकार को घेरा
नक्सलवाद के मुद्दे पर गृह मंत्री विजय शर्मा की चुनौती को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इस विषय पर चुनौती दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके और उनकी सरकार के खिलाफ इस मुद्दे को लेकर बार-बार राजनीतिक बयान दिए जा रहे हैं. बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले उनकी चुनौती स्वीकार करें, इसके बाद गृह मंत्री विजय शर्मा से चर्चा की जाएगी. इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा और कहा कि जनता के बीच जाकर इन विषयों पर चर्चा होनी चाहिए.

Related Articles

Back to top button