छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के 4 शहरों में दौड़ेंगी 240 इलेक्ट्रिक बसें: रायपुर को मिलेंगी सबसे ज्यादा 100 बसें, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और कोरबा को भी मिलेगी सुविधा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ी पहल की जा रही है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत प्रदेश के चार प्रमुख शहरों में कुल 240 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने की तैयारी है। इनमें राजधानी रायपुर को सबसे ज्यादा 100 बसें मिलेंगी। वहीं दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर को 50-50 तथा कोरबा को 40 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं।

चार शहरों में इस तरह होगा बसों का संचालन

योजना के तहत शहरवार बसों का आवंटन इस प्रकार किया गया है:

  • रायपुर – 100 इलेक्ट्रिक बसें
  • दुर्ग-भिलाई – 50 इलेक्ट्रिक बसें
  • बिलासपुर – 50 इलेक्ट्रिक बसें
  • कोरबा – 40 इलेक्ट्रिक बसें

इस योजना के संचालन के लिए चारों नगर निगमों और चयनित एजेंसी चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड के बीच 11 अक्टूबर को कंसेशन एग्रीमेंट किया गया था। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में यह समझौता हुआ।

बसों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

इन इलेक्ट्रिक बसों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा। प्रत्येक बस में छह CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा यात्रियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से बस की लाइव लोकेशन देखने और डिजिटल टिकट खरीदने की सुविधा भी मिलेगी।

बसों के रूट इस तरह निर्धारित किए जा रहे हैं, ताकि प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और व्यावसायिक क्षेत्रों को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ा जा सके।

प्रदूषण कम करने और यातायात सुधारने की पहल

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहरों में डीजल-पेट्रोल से चलने वाले वाहनों पर निर्भरता कम करने और वायु प्रदूषण नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही आम नागरिकों को सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा।

डिपो और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम जारी

बसों के नियमित संचालन के लिए बस डिपो, चार्जिंग स्टेशन और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। बसों की आपूर्ति और जरूरी तैयारियां पूरी होने के बाद चरणबद्ध तरीके से इनका संचालन शुरू किया जाएगा।

प्रदेश के चार बड़े शहरों में 240 इलेक्ट्रिक बसों की यह योजना शहरी परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने वाली पहल साबित हो सकती है। अब यात्रियों को बसों के नियमित संचालन शुरू होने का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button