भोपाल में GST इंटेलिजेंस का बड़ा छापा: 100 करोड़ से अधिक की टैक्स चोरी का खुलासा

राजधानी भोपाल में जीएसटी इंटेलिजेंस ने अवैध तंबाकू-गुटखा फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई की है. छापेमारी के दौरान 100 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है. जांच अधिकारियों के अनुसार, यह फैक्टरी बिना किसी वैध पंजीकरण या कर भुगतान के बेहद चालाकी से छिपाकर संचालित की जा रही थी. GST विभाग अब इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रहा है. यह ऑपरेशन शुक्रवार और शनिवार को चलाया गया था और जब्त किए गए दस्तावेजों की अभी जांच की जा रही है.

अवैध तरीके से छिपा कर चलाई जा रही थी मशीनें
यह फैक्टरी सुरेश सिंह नाम का व्यक्ति चला रहा था, जहां ‘गुरु’ ब्रांड के तहत बड़े पैमाने पर तंबाकू और गुटखा बनाया और बाजार में सप्लाई किया जाता था. फैक्टरी के अंदर कई मशीनें गैर-कानूनी तरीके से लगाई गई थीं, जिन्हें अधिकारियों की नजर से छिपाकर रखा गया था. GST इंटेलिजेंस ने मौके से बड़ी मात्रा में तैयार और आधे-अधूरे बने सामान के साथ-साथ गैर-कानूनी मशीनरी भी जब्त की है. टैक्स चोरी के इस बड़े मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए, पुलिस और GST टीम ने आरोपी सुरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल, GST विभाग इस पूरे ऑपरेशन से जुड़े अन्य वित्तीय लेन-देन, कच्चे माल की सप्लाई और बिक्री नेटवर्क की बारीकी से जांच कर रहा है.
100 करोड़ से अधिक की टैक्स चोरी का खुलासा
जानकारी के मुताबिक इस फैक्ट्री में ‘गुरु’ नाम से तंबाकू और गुटखा बनाया जाता था. फैक्ट्री इलाके में चोरी-छिपे चल रही थी और इसके वैध दस्तावेजों में भी कई खामियां मिली हैं. शुरुआती जांच में ही 100 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी सामने आई है, और यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है. जीएसटी नियमों के तहत टैक्स चोरी करने वालों से जब्त माल पर 100 प्रतिशत जुर्माना और 40 प्रतिशत जीएसटी वसूला जाता है. फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और GST विभाग इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे की कार्रवाई में जुटा है.



