403 सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी BJP, चिराग पासवान के खाते में जाएगी इतनी सीट

आगामी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections 2027) को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो चली है. यूपी में एनडीए (NDA) और लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के बीच सीट बंटवारा लगभग तय हो गया है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी 10 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. दूसरी तरफ दलित और युवा वोटर्स को साधने की कोशिशें भी तेज हो गई है. चिराग पासवान युवाओं को लुभाने के लिए यूपी के अलग अलग हिस्सों में कार्यक्रम करेंगे. इसी कड़ी में वे रविवार को प्रयागराज दौरे पर आ रहे हैं.

बता दें कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यानी लोजपा-आर ने आगामी चुनावी मैदान में अपनी राजनीतिक पकड़ और जनाधार को मजबूत करने के लिए कवायद तेज कर दी है. बीते अगस्त महीने में हुई बैठक में पार्टी ने तय किया था कि पार्टी अब बिहार की सीमाओं से आगे निकलते हुए उत्तर प्रदेश और पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में अपने उम्मीदवार उतारेगी. इन दोनों प्रमुख राज्यों के साथ-साथ पार्टी उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा जैसे अन्य महत्वपूर्ण राज्यों में भी अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करेगी.
नई दिल्ली में आयोजित पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय मंत्री और लोजपा-आर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के विस्तार का स्पष्ट संदेश दिया था. उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया था कि वे एक सुनियोजित और मजबूत रणनीति के तहत जमीन स्तर पर काम करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी के साथ जोड़ें.



