आस्थामध्यप्रदेश

महाकाल भस्म आरती के नाम पर 12 श्रद्धालुओं से ठगी, फर्जी VVIP पास देकर ऐंठे पैसे

उज्जैन में बाबा महाकाल की भस्म आरती के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है. मेरठ के निवासी रतन शर्मा समेत 12 श्रद्धालु भस्म आरती करना चाहते थे. इसके लिए उन्होंने Google पर भस्म आरती और उससे जुड़ी जानकारी सर्च की. इसी दौरान उन्हें Google, Facebook और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक ट्रैवल एजेंसी का विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें भस्म आरती की व्यवस्था का भी जिक्र था. विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद श्रद्धालुओं से बातचीत हुई और यहीं से ऑनलाइन ठगी का सिलसिला शुरू हुआ.

फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने 12 लोगों की भस्म आरती के लिए प्रति व्यक्ति ढाई हजार रुपये बताए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने UPI के जरिए 15-15 हजार रुपये की दो किश्तों में कुल 30 हजार रुपये का भुगतान कर दिया. पैसे लेने के बाद उन्हें ‘VVIP भस्म आरती पास’ बनाकर भेजा गया.

भस्म आरती के नाम पर ठगी
पास देखने पर श्रद्धालुओं को उस पर ऑनलाइन पेमेंट 30 हजार रुपये लिखा दिखाई दिया. इस पर उन्होंने संबंधित व्यक्ति से सवाल किया कि भस्म आरती के पास पर भुगतान की रकम क्यों लिखी गई है. जवाब में उसने कहा कि मंदिर में उसकी पहचान है और किस व्यक्ति से कितने रुपये लिए गए हैं, इसका रिकॉर्ड रखने के लिए रकम लिखी गई है. साथ ही भस्म आरती की पूरी व्यवस्था होने का भरोसा दिलाया.

ठगी के बाद फोन उठाना किया बंद
श्रद्धालुओं के मुताबिक, उज्जैन आने से एक-दो दिन पहले जब उन्होंने संबंधित व्यक्ति को फोन किया तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया. इसके बाद उन्हें ठगी का शक हुआ. उज्जैन पहुंचने के बाद जब उन्होंने भस्म आरती पास और संबंधित जानकारी की जांच की तो पास फर्जी निकला.

पीड़ित ने की शिकायत
मामले में रतन शर्मा ने मेरठ साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के बाद उन्हें Acknowledgement Number 33109260237057 भी मिला है. अब साइबर सेल UPI लेनदेन, मोबाइल नंबर और विज्ञापन में दी गई ट्रैवल एजेंसी की जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

Related Articles

Back to top button