भोपाल में शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना आज से शुरू, TET अनिवार्यता और ई-अटेंडेंस खत्म करने की मांग पर अड़े

मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता समेत तीन प्रमुख मांगों को लेकर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने रविवार से राजधानी के नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर रहा है। मोर्चे ने भोपाल में धरने को चरणबद्ध तरीके से आयोजित करने की रूपरेखा बनाई है। रविवार से अलग-अलग संभागों के शिक्षक इसमें शामिल होंगे।

दो अक्टूबर को विशेष उपवास कार्यक्रम और तीन अक्टूबर तक विभिन्न संभागों की भागीदारी का कार्यक्रम है। मोर्चे ने मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कर तीनों मांगों पर सीधी चर्चा की मांग की है। संगठन का कहना है कि सरकार से समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
शिक्षक संगठनों की प्रमुख मांग टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करना, प्रथम नियुक्ति की तारीख से सेवा अवधि और वरिष्ठता की गणना करने की है, ताकि ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण, पेंशन सहित सेवानिवृत्ति का लाभ मिल सके और ई-अटेंडेंस व्यवस्था समाप्त करने की है।



