देश - विदेशमध्यप्रदेश

30-31 अगस्त को ओरछा में BJP की बड़ी बैठक, अगले 3 महीने का प्लान होगा तैयार; 2028 चुनाव के लिए बनेगी रणनीति

मध्य प्रदेश बीजेपी की आगामी कार्यसमिति की बैठक इस बार राम राजा की नगरी ओरछा में आयोजित की जाएगी. 30 और 31 अगस्त को होने वाली इस बैठक की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में होने वाली यह पहली कार्यसमिति बैठक है, इसलिए इसे संगठन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों मिशन 2028 के लिए संगठनात्मक रूपरेखा तैयार करना है.

बैठक में 2028 चुनाव के लिए बनेगी रणनीति
इस दो दिन की बैठक में बीजेपी का मुख्य फोकस राज्य के लिए एक व्यापक जंबो प्लान तैयार करने पर होगा. पार्टी अगले तीन महीनों के लिए अपने संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा तय करेगी. इसके अलावा 2028 में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए एक लंबी अवधि की चुनावी रणनीति भी तैयार की जाएगी. एक और अहम एजेंडा दतिया में पार्टी की हार की समीक्षा करना है. नेतृत्व वहां के राजनीतिक हालात और हार के संभावित कारणों पर गहराई से विचार करेगा ताकि भविष्य में ऐसी गलतियों से बचा जा सके. ओरछा में इकट्ठा होने वाले पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी इस मंच का इस्तेमाल संगठन को और मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में नई रणनीति बनाने के लिए करेंगे.

बीजेपी का मुख्य फोकस 
फिलहाल बीजेपी का मुख्य फोकस संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने पर है. पार्टी नेताओं के मुताबिक, संगठन को अधिक सक्रिय बनाने के लिए कार्यसमिति के सभी 106 सदस्यों को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. इसके जरिए हर विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर तक संगठन की पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को ज्यादा सक्रिय करने की योजना है. हर बूथ, सबसे मजबूत अभियान के तहत पार्टी जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ ही उन क्षेत्रों में अपना प्रभाव बढ़ाने की रणनीति पर भी काम कर रही है, जिन्हें अब तक विपक्षी दलों का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है. इन इलाकों में संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा.

युवा पीढ़ी से जुड़ने की रणनीति
साथ ही, BJP युवा पीढ़ी खासकर Gen Z और Gen Alpha से जुड़ने के लिए नई आउटरीच और कम्युनिकेशन रणनीतियां बनाने पर विचार कर रही है. इस वर्ग को अपने साथ जोड़ने में पार्टी के सामने एक चुनौती और एक बड़ा मौका, दोनों हैं.  इस नई पीढ़ी की सोच, भाषा और डिजिटल आदतें पिछली पीढ़ियों से अलग हैं. इसलिए लंबे भाषणों पर निर्भर रहने के बजाय रणनीति में Instagram Reels, YouTube Shorts और Moj जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके छोटे क्रिएटिव और  दिलचस्प वीडियो के जरिए सरकारी योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाना शामिल हो सकता है.

Related Articles

Back to top button