सीएम डॉ. मोहन यादव आज सिवनी में 494 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात, किसानों को मिलेगी कोदो-कुटकी प्रोत्साहन राशि।

सिवनी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सिवनी जिले में आयोजित प्रदेश स्तरीय धान महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे जिले को 494.16 करोड़ रुपये लागत के 629 विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे।

इनमें 349.33 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 144.83 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। कार्यक्रम में किसानों के लिए विशेष घोषणाएं भी की जाएंगी।
किसानों को प्रोत्साहन राशि
कार्यक्रम में 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि अंतरित की जाएगी। राज्य सरकार श्रीअन्न (मिलेट्स) उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 1 हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन दे रही है।
थीम आधारित प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
महोत्सव में कृषि, प्राकृतिक खेती, मिलेट्स, जीआई टैग उत्पाद, स्व-सहायता समूहों के उत्पाद और आधुनिक कृषि यंत्रों की थीम आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
सड़क और पुल निर्माण को बढ़ावा
दौंदीवाड़ा-बरटोला-ओखाटोला-अमुरला मार्ग सहित कई सड़कों का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही बरबसपुर-सुनवारा-आमानाला वैनगंगा नदी सेतु और घोघराटोला-मंगलटोला हिर्री नदी सेतु का लोकार्पण भी होगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नए पुल निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा।
पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
बरघाट में 145.60 करोड़, केवलारी में 67.34 करोड़, सिवनी में 52.19 करोड़ और लखनादौन में 44.49 करोड़ रुपये की नल-जल योजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा सिहोरा, घंसौर, केदारपुर, लखनवाड़ा, बींझावाड़ा और तिघरा में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
शिक्षा, खेल और नगरीय विकास को गति
केवलारी खेड़ा-टालाटाली मार्ग और गनेशगंज-लामटा-सुनवारा-पिंडरई-देवरी टीका मार्ग का भूमिपूजन होगा। सिवनी में बबरिया गार्डन स्विमिंग पूल, नवीन फायर स्टेशन और नगर पालिका कार्यालय भवन का निर्माण शुरू किया जाएगा।
इसके साथ ही लखनादौन में मिनी स्टेडियम और धूमा में 100-100 सीटर बालक-बालिका छात्रावास का भूमिपूजन किया जाएगा। जनजातीय कार्य विभाग के तहत कन्या शिक्षा परिसर सिवनी और लखनादौन एप्रोच रोड का निर्माण कार्य भी प्रारंभ होगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत नए आंगनवाड़ी भवनों का भूमिपूजन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा।
धान महोत्सव के माध्यम से सरकार जहां किसानों से सीधा संवाद करेगी, वहीं विकास कार्यों के जरिए क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का संदेश भी देगी।



