
रायपुर। भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना को लेकर छत्तीसगढ़ में मंगलवार को बड़े स्तर पर सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया गया। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 200 से अधिक स्थानों और पूरे प्रदेश में 1000 से ज्यादा जगहों पर श्रद्धालुओं और नागरिकों ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर उनके स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
रायपुर के ऐतिहासिक श्री दूधाधारी मठ में सांसद बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में विशेष प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए 11 बार सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया।
बृजमोहन अग्रवाल के आह्वान पर हुआ आयोजन
यह सामूहिक प्रार्थना सांसद बृजमोहन अग्रवाल के आह्वान पर आयोजित की गई। रायपुर लोकसभा क्षेत्र की अलग-अलग विधानसभाओं के मंडलों में कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, श्रद्धालु और आम नागरिक हनुमान मंदिरों तथा अन्य धार्मिक स्थलों पर जुटे।

लोगों ने संकटमोचक हनुमान जी से कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने और लंबी उम्र की कामना की।
दूधाधारी मठ में 11 बार पढ़ी गई हनुमान चालीसा
श्री दूधाधारी मठ में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक शामिल हुए। इस दौरान सामूहिक रूप से 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पायलट ने मुश्किल परिस्थितियों में जिस तरह साहस दिखाया, उससे देशवासियों में उनके प्रति सम्मान बढ़ा है।
अग्रवाल ने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने हिम्मत बनाए रखी। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में हनुमान जी का स्मरण और हनुमान चालीसा का जाप करना उनके साहस और आस्था को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि आज रायपुर और छत्तीसगढ़ के लोग कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। सामूहिक प्रार्थना के माध्यम से लोगों ने संकटमोचक हनुमान जी से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
रायपुर में 200 से ज्यादा, प्रदेश में 1000 से अधिक जगहों पर पाठ
सांसद के आह्वान पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार, रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 200 से अधिक स्थानों पर और पूरे छत्तीसगढ़ में 1000 से ज्यादा जगहों पर लोगों ने सामूहिक प्रार्थना की।
रायपुर के अलग-अलग हनुमान मंदिरों में भी श्रद्धालु एकत्र हुए और कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान घायल हुए थे कैप्टन
कैप्टन स्मित मच्छार फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद उनके साहस और मुश्किल परिस्थिति में निभाई गई भूमिका को लेकर चर्चा हुई। उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रार्थना और शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।



