आम्रपाली दुबे की ‘रोजा’ का आया ट्रेलर, नवजात के साथ घर से निकाली मां का दिखा संघर्ष, फैंस बोले- दमदार होगी ये भोजपुरी फिल्म..

नई भोजपुरी फिल्म का अगर आप इंतजार कर रहे हैं तो आम्रपाली दुबे की अपकमिंग फिल्म रोजा का ट्रेलर जरुर देख लें. आम्रपाली दुबे, जो इन दिनों चर्चा में हैं और बिग बॉस के घर में अपनी मौजूदगी को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं. उनकी आगामी भोजपुरी फिल्म ‘रोजा’ का दमदार ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया है. बी4यू भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी 4 मिनट 54 सेकंड का यह ट्रेलर एक ऐसी महिला की संघर्षपूर्ण कहानी की झलक दिखाता है, जिसे अपने नवजात बच्चे के साथ घर से बाहर निकाल दिया जाता है.
आम्रपाली दुबे की नई भोजपुरी फिल्म
ट्रेलर में आम्रपाली दुबे एक मुस्लिम महिला की भूमिका में नजर आ रही हैं. उनके किरदार का दर्द, संघर्ष और विपरीत परिस्थितियों से लड़ने का साहस कहानी को भावनात्मक आधार देता है. फिल्म की कहानी समाज की उन महिलाओं की पीड़ा को सामने लाने का प्रयास करती है, जिन्हें कमजोर समझकर अपने ही लोगों या प्रभावशाली व्यक्तियों के अत्याचार का सामना करना पड़ता है. ट्रेलर से संकेत मिलता है कि ‘रोजा’ केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और महिला सम्मान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को भी उठाती है.

रोजा के बारे में
फिल्म का निर्देशन इश्तियाक शैख बंटी ने किया है, जबकि निर्माता अमित सिंह चौहान हैं. फिल्म की कहानी शकील नियाजी ने लिखी है. आम्रपाली दुबे के किरदार और फिल्म की विषयवस्तु को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ने की उम्मीद है. फिल्म के ट्रेलर को लेकर निर्देशक इश्तियाक शैख बंटी ने बताया कि ‘रोजा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि समाज की उन महिलाओं की पीड़ा और संघर्ष को सामने लाने की कोशिश है, जिन्हें कमजोर समझकर प्रताड़ित किया जाता है. हमारी कोशिश है कि फिल्म के माध्यम से दर्शकों तक एक संवेदनशील और प्रभावशाली संदेश पहुंचे. आम्रपाली दुबे ने रोजा के किरदार को पूरी संजीदगी के साथ निभाया है. हमें उम्मीद है कि फिल्म की कहानी दर्शकों के दिलों को छुएगी और उन्हें महिलाओं के सम्मान, अधिकार तथा सामाजिक जिम्मेदारी के बारे में सोचने के लिए प्रेरित करेगी.
आपको बता दें कि भोजपुरी फिल्म ‘रोजा’ में आम्रपाली दुबे, आज़म शैख, ज्योति मिश्रा, अमित शुक्ला, अयाज़ खान, जे. नीलम, विद्या सिंह, संतोष श्रीवास्तव, अनु ओझा, उल्हास कुड़वा, स्लेशा मिश्रा, नीलम पांडेय, ससिस्टा रॉय और स्वस्तिका राय मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का संगीत ओम झा ने तैयार किया है, जबकि गीतों को नवाब आरज़ू, प्यारे लाल यादव, अमजद और मोहम्मद हसनैन ने लिखा है. फिल्म के गीतों को कल्पना पटवारी, ओम झा, आलोक कुमार, प्रियंका सिंह, जितेश शंकर, स्निग्धा सरकार और सारेगामापा विजेता अपूर्व सुजीत गौतम ने अपनी आवाज दी है. फिल्म के एडिटर प्रीतम नाइक, छायांकन निर्देशक डी. के. शर्मा, कोरियोग्राफर सोनू प्रीतम और एसोसिएट डायरेक्टर दिलीप के. रावत हैं.



