छत्तीसगढ़

रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर राज्यपाल रमेन डेका ने दी श्रद्धांजलि

रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस के अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने लोकभवन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए रानी लक्ष्मीबाई के अद्वितीय साहस, वीरता और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल के साथ लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू तथा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्रप्रेम, अदम्य साहस और स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित लोकभवन के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बलिदान को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ जिस वीरता और आत्मबल के साथ संघर्ष किया, वह भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान, देशभक्ति और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देशवासियों में स्वतंत्रता की अलख जगाई, जिसकी प्रेरणा आज भी देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्र सेवा और कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के लिए रानी लक्ष्मीबाई के अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और देशहित को सर्वोपरि रखने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button