छत्तीसगढ़

कोसमनारा धाम में सीएम विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान — किसानों को होली से पहले ₹10,000 करोड़

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोसमनारा धाम में आयोजित स्थापना दिवस और शपथ ग्रहण समारोह में विष्णुदेव साय ने समाज की एकजुटता और जागरूकता को विकास की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि साहू समाज की शिक्षा, संगठन और समर्पण प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने किसानों को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 25 लाख से अधिक किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली से पहले एकमुश्त दी जाएगी। करीब ₹10,000 करोड़ की राशि सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। उन्होंने कहा कि अन्नदाता की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसानों के परिश्रम का सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 सत्यनारायण बाबा मंदिर और भक्त माता कर्मा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पूज्य सत्यनारायण बाबा 1998 से खुले आकाश के नीचे तपस्या में लीन हैं और 28 वर्षों से अधिक समय तक साधना करना अद्वितीय और प्रेरणादायक है। यह धाम सामाजिक समरसता और आस्था का प्रतीक बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा के आशीर्वाद से उन्हें चार बार सांसद और आज मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से प्रदेशवासियों पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोसमनारा स्थित कर्मा साहू सामुदायिक भवन के ऊपर अतिरिक्त निर्माण के लिए ₹50 लाख देने की घोषणा की। साथ ही अयोध्या यात्रा से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेशवासियों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button