70 वार्डों पर भाजपा का फोकस, बूथ से घर-घर तक चुनावी तैयारी तेज

पवन साय ने घर-घर संपर्क और मतदाता सूची के अध्ययन पर दिया जोर, अखिलेश सोनी ने 70 वार्डों में कमल खिलाने का किया आह्वान
भिलाई। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने भिलाई के 70 वार्डों में संगठनात्मक तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को सिविक सेंटर स्थित कला मंदिर में भाजपा जिला भिलाई के सात मंडलों की बैठक हुई। इसमें बूथ सशक्तीकरण, मतदाता सूची के अध्ययन, वार्डवार कार्ययोजना और घर-घर जनसंपर्क को लेकर रणनीति तय की गई।

बूथ से घर तक पहुंचेगा भाजपा का संगठन
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं से बूथ और मोहल्ले के प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारी लगातार चलने वाली संगठनात्मक प्रक्रिया है। बूथ समितियों को सक्रिय करने के साथ पुराने कार्यकर्ताओं से बेहतर समन्वय और मतदाता सूची का बूथवार अध्ययन जरूरी है।

70 वार्डों में कमल खिलाने का आह्वान
प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने 70 वार्डों में संगठन को मजबूत करने के लिए वार्ड और बूथ स्तर पर स्पष्ट कार्ययोजना के साथ काम करने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी 70 वार्डों में कमल खिलाने के संकल्प के साथ जुटने का आह्वान किया।
सरकार के काम जनता तक पहुंचाने पर जोर
क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने सरकार के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय विषयों पर तथ्यात्मक संवाद के साथ संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की बात कही।
जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का संदेश
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहने और संगठन के लिए पूरी ताकत से काम करने की बात कही। उन्होंने मतदाता सूची के अध्ययन के साथ पात्र नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देने पर जोर दिया।
बूथ स्तर पर समन्वय मजबूत करने की कवायद
सांसद विजय बघेल ने बूथ स्तर की तैयारियों को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने संगठन के कार्यक्रमों को वार्ड से बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की बात कही।
वार्डवार जिम्मेदारियां तय, बूथ समितियों को सक्रिय करने की तैयारी
बैठक में वार्डवार प्रभारी-सहप्रभारी की जिम्मेदारियां तय करने, बूथ समितियों को सक्रिय करने, पुराने कार्यकर्ताओं से संपर्क और बूथवार कार्ययोजना तैयार करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
ये प्रमुख नेता रहे मौजूद
बैठक में दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला भिलाई प्रभारी रामजी भारती, जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पांडेय, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, भिलाई नगर विधानसभा प्रभारी इन्द्रजीत सिंह गोल्डी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष-महामंत्री, निगम पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



