बेमेतरा

13 सितम्बर को CM विष्णुदेव साय का बेमेतरा आगमन, शिक्षक सम्मान समारोह में होंगे शामिल

बेमेतरा में आगामी 13 सितम्बर को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री बेमेतरा के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले 41वें जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और शिक्षक सम्मान समारोह आयोजन समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। इसी क्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों के साथ बेसिक स्कूल मैदान पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

आपको बता दें कि बेमेतरा का शिक्षक सम्मान समारोह अपनी गौरवशाली 41 वर्षों की परंपरा के लिए पूरे प्रदेश में अलग पहचान रखता है। इस ऐतिहासिक आयोजन में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, राज्यपाल, मुख्य न्यायाधीश, कुलपति, मुख्यमंत्री सहित देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविद, साहित्यकार एवं समाजसेवी बतौर अतिथि शामिल हो चुके हैं। इस वर्ष समारोह में जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 80 सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं 42 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।

वहीं मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन और विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को देखते हुए विधायक दीपेश साहू ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विधायक ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, प्रवेश एवं निकासी मार्ग सहित अन्य व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूरा करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान एडीएम, एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी , PWD, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और शिक्षक सम्मान समारोह समिति के सदस्य मौजूद रहे।

इस तरीके से 13 सितम्बर को होने वाले मुख्यमंत्री के प्रस्तावित बेमेतरा दौरे को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। एक ओर जहां 41वें शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों और प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान होगा, वहीं दूसरी ओर जिले को विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन की सौगात भी मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button