
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर और जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में शामिल होंगे और विभिन्न समुदायों के लोगों को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11:25 बजे रायपुर के सोनपेरी स्थित असंग देव कबीर आश्रम पहुंचेंगे। यहां आयोजित ‘कबीर जयंती महोत्सव’ में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री संत कबीर के विचारों और उनके सामाजिक समरसता, मानवता तथा भाईचारे के संदेश पर प्रकाश डालेंगे। साथ ही उपस्थित संत समाज, कबीरपंथी अनुयायियों और श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे।
कबीर जयंती महोत्सव में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में संत, महंत, सामाजिक प्रतिनिधि और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में संत कबीर की शिक्षाओं पर आधारित भजन, सत्संग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर में रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा जांजगीर-चांपा जिले के लिए रवाना होंगे। वे चांपा के थाना पारा स्थित देवांगन धर्मशाला में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों और नागरिकों से मुलाकात करेंगे तथा कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 2:40 बजे हेलीकॉप्टर से चांपा से रवाना होकर वापस रायपुर लौटेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दोनों जिलों में प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।



