दंतेवाड़ा में भाजपा की प्रेसवार्ता, मोदी के 25 साल के सेवा-संकल्प को लेकर होंगे 13 कार्यक्रम

दंतेवाड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान को लेकर दंतेवाड़ा के सर्किट हाउस में भाजपा की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को बस्तर सांसद महेश कश्यप ने संबोधित किया।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार द्वारा 700 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक विभिन्न संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए लगातार देश की सेवा की है। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से उनके सेवा, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान
भाजपा का राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से होगी। इसके तहत सेवा गतिविधियों, जनजागरूकता कार्यक्रमों, युवाओं से जुड़े आयोजनों, स्वच्छता एवं सामाजिक सरोकार के कार्यक्रमों सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
भाजपा द्वारा अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इनमें सेवा दिवस, रक्तदान शिविर, सेवा ज्योति कलश यात्रा, जनभागीदारी से सेवा गतिविधियां, युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को जनता तक पहुंचाने वाले कार्यक्रम शामिल हैं।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि दंतेवाड़ा जिले में भी इन कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की।



