खेलछत्तीसगढ़

राजनांदगांव की महक नरवासे बनीं भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान, जिले में खुशी की लहर

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले की प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के टी-20 और वनडे दोनों प्रारूपों में उपकप्तान नियुक्त किया गया है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। जिला प्रशासन ने इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया है।

कलेक्टर और वनमंडलाधिकारी ने दी शुभकामनाएं

राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव और वनमंडलाधिकारी आयुष जैन ने महक नरवासे को इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर ने कहा कि महक ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के दम पर न केवल राजनांदगांव बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि महक की सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है और यह साबित करती है कि मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।

युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा

कलेक्टर ने विश्वास जताया कि महक भविष्य में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि महक की उपलब्धि से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

22 जून से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होगी सीरीज

उल्लेखनीय है कि भारत अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम और श्रीलंका अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के बीच 22 जून से अंडर-19 महिला टी-20 श्रृंखला की शुरुआत होगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच वनडे मुकाबले भी खेले जाएंगे।

इस दौरे में महक नरवासे टी-20 और वनडे दोनों प्रारूपों में उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाते हुए मैदान पर उतरेंगी। उनसे टीम को नेतृत्व और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

जिले में उत्साह का माहौल

महक नरवासे के भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान बनने की खबर से पूरे राजनांदगांव जिले में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और नागरिकों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए महक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Articles

Back to top button