छत्तीसगढ़

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर राज्यपाल रमेन डेका ने दी श्रद्धांजलि…

रायपुर। प्रखर राष्ट्रवादी नेता, महान शिक्षाविद् और स्वतंत्र भारत के प्रमुख राजनीतिक चिंतकों में से एक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज लोक भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया।

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने के लिए समर्पित कर दिया। वे केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी शिक्षाविद् और राष्ट्रवादी विचारक भी थे, जिनके विचार आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के सिद्धांत, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। देश की एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयास भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेंगे। राज्यपाल ने कहा कि उनके आदर्शों का अनुसरण कर ही राष्ट्र को और अधिक मजबूत तथा समृद्ध बनाया जा सकता है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित लोगों ने उनके राष्ट्रसेवा, शिक्षा और सामाजिक जीवन में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा और सम्मान से ओत-प्रोत रहा, जहां सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प भी लिया।

Related Articles

Back to top button