
छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व और खुशी का क्षण है जब प्रदेश के होनहार अभिनेता अभ्युदय पाण्डेय ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। मुंबई में आयोजित कुकू टीवी अवॉर्ड्स 2025 में उन्हें बेस्ट एक्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें कुकू टीवी की चर्चित वेब सीरीज ‘Revenge of the Fake Boyfriend’ में निभाए गए दमदार लीड रोल के लिए मिला है।

मुंबई में भव्य आयोजन
कुकू टीवी अवॉर्ड्स 2025 का आयोजन मुंबई के जुहू स्थित प्रतिष्ठित द नाइन्स होटल में बड़े ही भव्य और ग्लैमरस अंदाज में किया गया। इस समारोह में फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री की कई नामचीन हस्तियों, कलाकारों और निर्माताओं ने शिरकत की। अभ्युदय पाण्डेय को यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड प्रसिद्ध अभिनेता जाकिर हुस्सैन के हाथों प्रदान किया गया, जिसने इस उपलब्धि को और भी खास बना दिया।
छत्तीसगढ़ से मुंबई तक का प्रेरणादायक सफर
अभिनेता अभ्युदय पाण्डेय मूल रूप से बेलतरा क्षेत्र के ग्राम डंगनिया के निवासी हैं। वर्तमान में वे बिलासपुर के गंगानगर क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। वे शिक्षक विजय पाण्डेय एवं शकुंतला देवी के पुत्र हैं तथा स्वर्गीय पंडित राधेश्याम के पौत्र हैं।
अभ्युदय का अभिनय से नाता बचपन से ही रहा है। गांव डंगनिया की प्रसिद्ध रामलीला में वे पहले ही अपनी अभिनय प्रतिभा दिखा चुके हैं, जहां उन्होंने राजा दशरथ की भूमिका निभाई थी। पारिवारिक संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत से मिले मंचीय अनुभव ने उनके अभिनय को मजबूत आधार दिया।
एक सीरीज और बना दिया स्टार
यह उपलब्धि इसलिए भी बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि कुकू टीवी द्वारा अब तक निर्मित लगभग 1000 वेब सीरीज में से सिर्फ एक ही सीरीज के दम पर अभ्युदय पाण्डेय ने बेस्ट एक्टर का खिताब अपने नाम किया।
वेब सीरीज ‘Revenge of the Fake Boyfriend’ में उन्होंने रजत वर्मा का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया। उनके अभिनय में भावनात्मक गहराई, दमदार डायलॉग डिलीवरी और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों का भी दिल जीत लिया। इस किरदार के लिए उन्हें लगातार सराहना और सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिलीं।
टीवी की दुनिया में भी मजबूत पहचान
डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ-साथ अभ्युदय पाण्डेय ने छोटे पर्दे पर भी अपनी अलग पहचान बनाई है। वे ज़ी टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘हमारा परिवार’ में लीड हीरो के रूप में नजर आ चुके हैं। इस शो के जरिए उन्होंने घर-घर में अपनी पहचान बनाई और टीवी दर्शकों के बीच भी लोकप्रियता हासिल की।
पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल
अभ्युदय पाण्डेय की इस ऐतिहासिक सफलता पर बिलासपुर, बेलतरा और आसपास के पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। परिवारजनों, शुभचिंतकों, मित्रों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाइयों से सराबोर कर दिया है। यह उपलब्धि न केवल अभ्युदय के लिए बल्कि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आई है।
युवाओं के लिए प्रेरणा
अभ्युदय पाण्डेय की कहानी यह साबित करती है कि छोटे शहरों और गांवों से निकलकर भी अगर प्रतिभा, मेहनत और समर्पण हो तो राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाना संभव है। उनका यह सम्मान छत्तीसगढ़ के उभरते कलाकारों के लिए नई राह और नई उम्मीद लेकर आया है।



