छत्तीसगढ़राजनीति

CGHIDB के नए लोगो का विमोचन, मुख्यमंत्री साय बोले- अधोसंरचना विकास में भी निभाएगा अहम भूमिका

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल (CGHIDB) के नए लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 2025 के आवास मेले के अंतर्गत आवास बुक कराने वाले हितग्राहियों को लकी ड्रा के माध्यम से कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने नए लोगो का डिजाइन तैयार करने वाले अंशुल कश्यप को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रतियोगिता की 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक भी प्रदान किया।

हर परिवार का अपना घर हो, सरकार की यही प्राथमिकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रत्येक परिवार का सपना अपना पक्का घर होना होता है और राज्य सरकार इस सपने को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले गृह निर्माण तक सीमित रहने वाला मंडल अब अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आर्थिक चुनौतियों से उबरते हुए मंडल ने 7,388 संपत्तियों का विक्रय कर लगभग 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। उन्होंने इस सफलता के लिए आवास एवं पर्यावरण विभाग, मंडल के अध्यक्ष तथा पूरी टीम को बधाई दी।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तेजी से बन रहे घर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने सभी प्रमुख संकल्पों को तेजी से पूरा करने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई थी। वर्तमान में प्रदेश में 10.50 लाख से अधिक परिवारों के आवास पूरे हो चुके हैं और प्रतिदिन लगभग 1,600 नए मकानों का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार से 15 हजार अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराए गए हैं। साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी विशेष आवास योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

सुशासन और डिजिटल सेवाओं पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से 450 से अधिक शासकीय सेवाएं अब मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है, जहां नागरिक अपनी शिकायत दर्ज कर समयबद्ध समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

सौर ऊर्जा और बिजली बिल राहत योजनाओं का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक लगभग 65 हजार घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सोलर संयंत्र लगाने के लिए आकर्षक सब्सिडी दे रही है, जिससे भविष्य में लाभार्थियों को मुफ्त बिजली मिलने के साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचने का अवसर भी मिलेगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसके तहत लंबित बिजली बिलों के भुगतान पर सरचार्ज सहित विभिन्न प्रकार की छूट दी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल योजनाएं लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सुशासन तिहार के माध्यम से दो महीने तक जनता के बीच जाकर योजनाओं का फीडबैक भी लिया गया और उसी आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किए गए हैं।

अधोसंरचना विकास में बढ़ेगी मंडल की भूमिका: ओ.पी. चौधरी

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विभाग में व्यापक प्रशासनिक सुधार किए गए हैं। गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल का नया स्वरूप देकर प्रदेश के पूंजीगत व्यय और विकास कार्यों में इसकी भूमिका का विस्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि अब किसी भी नई आवासीय परियोजना की शुरुआत तभी होगी, जब पर्याप्त संख्या में बुकिंग सुनिश्चित हो जाएगी। इससे अनावश्यक निर्माण और वित्तीय जोखिम से बचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की वन टाइम सेटलमेंट योजना के माध्यम से वर्षों से लंबित संपत्तियों के विक्रय में तेजी आई है और मंडल की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है।

मांग आधारित परियोजनाओं पर रहेगा विशेष फोकस

मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मंडल ने नई कार्य संस्कृति अपनाई है। गृह निर्माण मंडल का विस्तार कर अधोसंरचना विकास मंडल बनाया जाना प्रदेश के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में रिकॉर्ड संख्या में संपत्तियों की बिक्री हुई है और भविष्य में मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण तथा वित्तीय रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

लकी ड्रा के विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार

कार्यक्रम के दौरान आवास मेले के तहत आयोजित लकी ड्रा के 9 विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। सारंगढ़ की पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार भेंट की गई। इसके अलावा अन्य विजेताओं को स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक उपहार दिए गए।

इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button