मध्यप्रदेश

सरकार का पटवारियों को बड़ा तोहफाः 1050 पटवारियों का होगा प्रमोशन, बनेंगे राजस्व निरीक्षक

 मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के पटवारियों को एक बड़ा दीपावली/नया साल तोहफा देने की तैयारी कर ली है। राज्य में जल्द ही 1050 पटवारियों का प्रमोशन (पदोन्नति) होने जा रहा है। सरकार के फैसले के बाद पटवारी पद से पदोन्नत होकर वे राजस्व निरीक्षक (आरआई) बनेंगे। इसके लिए राजस्व विभाग और भू-संसाधन प्रबंधन ने प्रक्रिया तेज कर दी है।

कानूनी व प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू

राजस्व विभाग ने पटवारियों को राजस्व निरीक्षक बनाने की कानूनी व प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में भू-संसाधन प्रबंधन ने प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों को पत्र जारी कर पात्र पटवारियों की सेवा से संबंधित विस्तृत जानकारी और दस्तावेज मांगे हैं।

पटवारियों की एक सूची तैयार

प्रमोशन प्रक्रिया के तहत 50 वर्ष से कम आयु वाले पटवारियों की एक सूची तैयार की गई है। कलेक्टरों से इन सभी अधिकारियों का सर्विस रिकॉर्ड, विभागीय जांच का ब्यौरा और गोपनीयता प्रतिवेदन (सीआर) भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बिना किसी कानूनी अड़चन के पदोन्नति की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

कर्मचारियों में खुशी की लहर

लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे पटवारियों के लिए सरकार का यह कदम बेहद राहत भरा माना जा रहा है। राजस्व निरीक्षक बनने से न केवल उनके पद और अधिकारों में बढ़ोतरी होगी, बल्कि प्रदेश की राजस्व व्यवस्था और सीमांकन कार्य में भी और गति आएगी। प्रक्रिया पूरी होते ही सभी योग्य पटवारियों को राजस्व निरीक्षक के पद पर पदस्थ किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button