छत्तीसगढ़राजनीति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर, विकास कार्यों का निरीक्षण और कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज (20 जून) जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने गृह जिले के इस दौरे के दौरान वे कृषि, स्वास्थ्य, खेल और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे बगिया से कुनकुरी विकासखंड के पण्डरीपानी पहुंचने से शुरू होगा। यहां वे जैविक खेती कार्यशाला में किसानों को संबोधित करेंगे और प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके साथ ही वे जनकल्याणकारी शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद करेंगे तथा कई विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:30 बजे बेमताटोली पहुंचेंगे, जहां उत्कल ब्राह्मण समाज सेवा समिति के नए सामाजिक भवन का भूमिपूजन करेंगे। इस भवन के निर्माण से समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

दोपहर बाद मुख्यमंत्री जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे गिनाबहार में निर्माणाधीन मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल (MCH) और ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) का जायजा लेंगे। इसके बाद चराईडांड में बन रहे 220 बिस्तरों वाले अस्पताल, फिजियोथेरेपी कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री सलियाटोली में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नालंदा परिसर का भी निरीक्षण करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संसाधन उपलब्ध कराना है।

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:45 बजे आयोजित ‘PM किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया जाएगा।

दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 5:30 बजे जशपुर से अंबिकापुर के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को जशपुर जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा, किसानों से संवाद और स्वास्थ्य व खेल अधोसंरचना को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button