कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज से, राहुल गांधी 21 जून को देंगे संगठन को नई दिशा…

रायपुर। कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से आज (20 जून) से 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हो रही है। यह शिविर रायपुर जिले के अभनपुर स्थित मंगल भवन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत किया जा रहा है। इसमें संगठन को अधिक प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया, संविधान और कांग्रेस की विचारधारा जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शिविर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई वरिष्ठ नेता विभिन्न सत्रों में मार्गदर्शन देंगे।
सबसे अहम कार्यक्रम 21 जून को होगा, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रायपुर पहुंचेंगे। उनके सुबह लगभग 11 बजे रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे अभनपुर स्थित प्रशिक्षण शिविर में पहुंचकर करीब साढ़े पांच घंटे तक मौजूद रहेंगे।
राहुल गांधी प्रशिक्षण शिविर में संगठन को मजबूत करने, कांग्रेस की विचारधारा, संविधान की रक्षा, जनहित के मुद्दों और आगामी चुनावों की रणनीति पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। उनके साथ संवाद सत्र भी प्रस्तावित है, जिसमें जिला अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों से सीधे चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को नई ऊर्जा देने और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। प्रशिक्षण शिविर 29 जून तक चलेगा, जिसमें अलग-अलग चरणों में प्रदेशभर के पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।



