राजनीतिरायपुर

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक, ड्रम-जेरीकेन में बिक्री पर रोक: खाद्य विभाग

पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर पूरे देश में ईंधन संकट जैसी स्थिति है. इस बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक है. खाद्य विभाग के अनुसार प्रदेश के 2516 पेट्रोल-डीजल पंपों पर 22 मई 2026 की स्थिति में 4.35 करोड़ लीटर पेट्रोल और 8.15 करोड़ लीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है.

छत्तीसगढ़ को रोजाना हो रही पेट्रोल और डीजल की सप्लाई

छत्तीसगढ़ खाद्य विभाग के मुताबिक राज्य को रोजाना पेट्रोल और डीजल की सप्लाई हो रही है. 21 मई को ही 32.52 लाख लीटर पेट्रोल और 57.60 लाख लीटर डीजल की प्राप्ति हुई है. लखौली, मंदिर हसौद और गोपालपुर स्थित ऑयल कंपनी डिपो से जिलों को मांग के अनुसार सप्लाई की जा रही है. राज्य में रबी फसल कटाई और खरीफ की तैयारी के कारण डीजल की मांग में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिसे ध्यान में रखकर पेट्रोल डीजल की सप्लाई की जा रही है.

ड्रम-जेरीकेन में बिक्री प्रतिबंधित, किसानों को छूट

राज्य शासन ने 22 मई को जारी आदेश में सभी पेट्रोल-डीजल पंपों पर ड्रम, बोतल और जेरीकेन में ईंधन की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी है।. उल्लंघन पर मोटर स्पिरिट और उच्च वेग डीजल आदेश 2005 के तहत कार्रवाई होगी. हालांकि रबी-खरीफ सीजन के लिए किसानों को इससे मुक्त रखा गया है. इसके अलावा कलेक्टर द्वारा चिन्हांकित शासकीय निर्माण कार्यों और अस्पताल, मोबाइल टावर जैसी अत्यावश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है.

पैनिक खरीदारी से बचने की अपील

छत्तीसगढ़ की खाद्य सचिव ने 20 मई को सभी ऑयल कंपनियों के साथ समीक्षा बैठक कर ड्राई आउट होने वाले पंपों को तत्काल स्टॉक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. सरकार ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों से प्रभावित होकर पैनिक खरीदारी या पेट्रोल डीजल का स्टॉक न करें.

Related Articles

Back to top button