न्यूज़

राष्ट्रीय सह प्रावीण्य (NMMSE) छात्रवृत्ति परीक्षा 02 मई को आयोजित होगी

एमसीबी/6 मार्च 2026

केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना (NMMSE) के तहत 02 मई 2026 को परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में चयनित आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययन के लिए प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति केन्द्र सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे ने बताया कि राष्ट्रीय सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए आवेदन फार्म भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। विद्यार्थियों द्वारा ऑफलाइन आवेदन फार्म भरने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में वही विद्यार्थी पात्र होंगे जिन्होंने राज्य शासन द्वारा संचालित विद्यालय से कक्षा 7वीं में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक (एससी/एसटी वर्ग के लिए 5 प्रतिशत की छूट) के साथ उत्तीर्ण किया हो। साथ ही विद्यार्थी के माता-पिता अथवा पालक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। केन्द्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय तथा अन्य आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।

परीक्षा के लिए जिले के तीनों विकासखंडों में परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
मनेन्द्रगढ़ विकासखंड – शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (शिक्षा विभाग) मनेन्द्रगढ़
भरतपुर विकासखंड – शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरतपुर
खड़गवां विकासखंड – स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (हिंदी/अंग्रेजी माध्यम) खड़गवां
जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.पी. मिरे ने जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों से इस परीक्षा में सम्मिलित होकर राष्ट्रीय सह प्रावीण्य (NMMSE) छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button