देश

किसी की मां अस्पताल में, दांव पर कई का करियर… इंडिगो संकट से परेशान यात्रियों की आपबीती

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के परिचालन में शनिवार को लगातार पांचवें दिन भी कोई सुधार नहीं दिखा। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और चेन्नई एयरपोर्ट पर यात्री रात भर परेशान रहे। लगातार बिगड़ते हालात ने हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाओं को प्रभावित किया है। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक यात्री रो पड़ी।

एक यात्री महर्षि जानी ने अपना दुख बयां किया है। उन्होंने एएनआई से कहा, “मुझे गुवाहाटी जाना था और कोलकाता से कनेक्टिंग फ्लाइट थी। यह फ्लाइट करीब सुबह 6.15 की थी। हमें स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2025 के लिए चुना गया। इसमें करीब 74000 आइडिया सब्मिट हुए थे और लगभग 1400 आइडिया सेलेक्ट हुए थे। हमारा सेंटर नॉर्थ-ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी था। हमें वहां पर जाकर परफॉर्म करना था, लेकिन हमने आने और जाने दोनों की फ्लाइट इंडिगो से ली थी। फ्लाइट लेट होने के कारण हम वहां से नहीं जा पाएंगे।”

हमारा करियर ही रास्ते में आ गया- महर्षि जानी
महर्षि जानी ने आगे कहा, “परिवहन का कोई और तरीका नहीं है। ट्रेन में करीब तीन दिन का समय लगता है। हमारी 6-7 महीनों की मेहनत अब बर्बाद हो गई है। अब हमारे पास में कोई भी रास्ता नहीं है और हमें वापस जाना पड़ रहा है। ऐसे अवसर बहुत ही कम बार मिलते हैं और कई बार तो बच्चे तीन-तीन साल तक इसमें पार्ट लेना पड़ता है और वो सिलेक्ट नहीं होते हैं। हम पहले ही अटेंप्ट में सिलेक्ट हो गए थे, लेकिन फ्लाइट कैंसिल हो जाने की वजह से हम नहीं जा पा रहे हैं। हम 6 लोगों की टीम थे और हमारे साथ 2 मेंटर भी थे। मैनेजमेंट बोल रहा है कि आप रिफंड ले लो। अब हम पैसा लेकर क्या करेंगे जब हमारा करियर ही रास्ते में आ रहा है।” वहीं एक यात्री ने कहा, “मेरी मां अस्पताल में हैं और मेरी उड़ान रद्द हो गई है।”

Related Articles

Back to top button