रायपुर

छठ महापर्व की तैयारियाँ जोर पर — महादेव घाट में सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा | 25 अक्टूबर से नहाय खाय के साथ पर्व का शुभारंभ

रायपुर। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा कल शनिवार, 25 अक्टूबर से नहाय खाय के साथ प्रारंभ होगा। सूर्य उपासना और पवित्रता का प्रतीक यह पर्व 28 अक्टूबर तक पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

महादेवघाट छठ महापर्व आयोजन समिति, रायपुर के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि समिति के सदस्यों और रायपुर नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा खारुन नदी स्थित महादेव घाट की सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। घाट को आकर्षक रूप देने के लिए रंगाई-पुताई और सजावट का भी कार्य किया गया है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग, कोरबा, बस्तर समेत प्रदेश के विभिन्न शहरों में छठ पूजा धूमधाम से मनाई जाती है। इस वर्ष रायपुर में 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें महादेव घाट, व्यास तालाब और अन्य प्रमुख घाट शामिल हैं।

महापौर मीनल चौबे ने शुक्रवार को महादेव घाट पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा नगर निगम अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

छठ महापर्व का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा —

25 अक्टूबर (शनिवार): नहाय खाय

26 अक्टूबर (रविवार): खरना

27 अक्टूबर (सोमवार): संध्या अर्घ्य

28 अक्टूबर (मंगलवार): उषा अर्घ्य

27 अक्टूबर की संध्या को महादेव घाट पर एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय लोकगायिका स्वाती मिश्रा (मुंबई) छठ गीतों की प्रस्तुति देंगी। वहीं, लोकधारा के चर्चित कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
इसके साथ ही सोनाली एवं तरुण चोपड़ा टीम (प्रयागराज) द्वारा नृत्य नाटिका का मंचन भी किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम संध्या 4 बजे से आरंभ होकर महाआरती के आयोजन तक चलेगा।

नवा रायपुर अटल नगर के झांझ तालाब किनारे भी भव्य छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ सैकड़ों श्रद्धालु एकत्रित होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button