छत्तीसगढ़

FIDE महिला शतरंज विश्व कप–2025 में भारत की बेटियों के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विजेताओं को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने FIDE महिला शतरंज विश्व कप–2025 में भारत की बेटियों के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर गहरा हर्ष और गर्व व्यक्त करते हुए विजेता दिव्या देशमुख और उपविजेता कोनेरू हम्पी को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक खेल उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह भारत की बेटियों की शक्ति, दृढ़ संकल्प और सामर्थ्य की प्रतीकात्मक तस्वीर है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि जब विश्व कप के फाइनल में दो भारतीय बेटियाँ आमने-सामने होती हैं, तो वह पल केवल गौरव का नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास और विश्व पटल पर उसकी बढ़ती सशक्त उपस्थिति का उत्सव बन जाता है। उन्होंने दिव्या देशमुख की युवा ऊर्जा और कोनेरू हम्पी के अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि दोनों ने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया है कि भारतीय बेटियाँ हर क्षेत्र में उत्कृष्टता का नया मानक स्थापित कर रही हैं।

श्री साय ने कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और देश में शतरंज सहित अन्य खेलों में भी बेटियों की भागीदारी को और बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों, उनके कोचों और परिवारजनों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और आशा व्यक्त की कि भारत भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर ऐसे ही स्वर्णिम इतिहास रचता रहेगा।

Related Articles

Back to top button