क्राइम

डुमरतराई में बड़ी चोरी का पर्दाफाश, पूर्व कर्मचारी से बरामद हुई 27 लाख की रकम

राजधानी के डुमरतराई क्षेत्र स्थित औषधि वाटिका में 27 लाख रुपये की नगदी चोरी की गुत्थी को पुलिस ने महज चंद घंटों में सुलझाते हुए आरोपी विजय कश्यप उर्फ गुड्डा को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला इसलिए भी संवेदनशील था क्योंकि आरोपी खुद पीड़ित व्यापारी का पूर्व कर्मचारी (चालक) रह चुका था और उसे दुकान के अंदर पैसों की जगह की पूरी जानकारी थी।


प्रार्थी संजय आहूजा, औषधि वाटिका स्थित संजय एजेंसी नामक दुकान के संचालक हैं। 27 मई की रात दुकान बंद करने के बाद जब वे अपने घर पहुंचे तो उन्हें कार की चाबी और दुकान की चाबी गायब मिली। संदेह होने पर वे दुकान पहुंचे और नए ताले लगाकर लौट आए।

अगले दिन जब उन्होंने दुकान खोली तो पाया कि केबिन की दराजें टूटी हुई थीं और 27 लाख रुपये नकद गायब थे। माना थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4), 305 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।


घटना के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा माना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पूछताछ की। फुटेज में संदिग्ध रूप से घूमते एक युवक की पहचान विजय कश्यप के रूप में हुई, जो कुछ महीने पहले तक संजय आहूजा की एजेंसी में चालक था।


जानकारी मिली कि विजय कश्यप अपने गांव मलदा कला (जिला सक्ती) में छिपा है और कहीं भागने की फिराक में है। रायपुर पुलिस ने जांजगीर-चांपा और सक्ती पुलिस से समन्वय कर गांव में छापा मारकर विजय कश्यप को गिरफ्तार किया।

Related Articles

Back to top button