राहुल गांधी की यात्रा में बाइक चोरी: दरभंगा होटल मालिक ने सुरक्षाकर्मियों पर लगाया आरोप, न्याय की गुहार

दरभंगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ इस समय बिहार में सुर्खियों में है। लेकिन यात्रा के दौरान दरभंगा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां हाईवे किनारे होटल चलाने वाले एक युवक ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के सुरक्षाकर्मी उसकी बाइक लेकर चले गए और अब तक वापस नहीं की।

होटल संचालक का आरोप
बाइक मालिक शुभम सौरभ ने बताया कि उनका होटल हाईवे पर स्थित है। 27 अगस्त को राहुल गांधी की यात्रा दरभंगा पहुंची थी। इसी दौरान उनके होटल पर सुरक्षाकर्मी चाय पीने पहुंचे। शुभम के अनुसार, वहां खड़ी उनकी बाइक देखकर सुरक्षाकर्मी ने कहा कि यात्रा के लिए उसे चाहिए।
पहले उनके पिता ने बाइक देने से मना कर दिया, लेकिन काफी कहने-सुनने के बाद मजबूरी में चाबी थमा दी गई। सुरक्षाकर्मी ने भरोसा दिलाया कि शोभन पहुंचने के बाद गाड़ी लौटा दी जाएगी। लेकिन शुभम का कहना है कि जब राहुल गांधी शोभन पहुंचे तो उन्हें एक स्कॉर्पियो में बैठा दिया गया और उनकी बाइक लेकर सुरक्षाकर्मी वहां से निकल गए।
खोजबीन में भटक रहे शुभम
शुभम का कहना है कि बाइक वापस पाने के लिए उन्होंने कई जगह दौड़-भाग की है। सीतामढ़ी, मोतिहारी और ढाका तक खोजबीन करने के बावजूद उनकी गाड़ी का कोई अता-पता नहीं चला। कांग्रेस नेताओं से संपर्क साधने की कोशिश में उन्हें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा से बात करने को कहा गया। झा का जवाब मिला – “देखते हैं।”
शुभम का दावा है कि उनके पास फोटो और वीडियो सबूत मौजूद हैं, जिनमें सुरक्षाकर्मी उनकी बाइक चलाते दिखाई दे रहे हैं। बावजूद इसके अब तक बाइक की बरामदगी नहीं हो पाई है।
कांग्रेस ने आरोपों को किया खारिज
इस पूरे मामले पर कांग्रेस ने सफाई दी है। कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी मोहम्मद असलम ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा –
“राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा की सफलता से सत्ता पक्ष घबराया हुआ है। पहले गाली देने के झूठे आरोप लगाए गए और अब बाइक चोरी की कहानी गढ़ी जा रही है। जनता सब देख रही है।”
परिवार की परेशानी
उधर, शुभम और उनके परिवार का कहना है कि मेहनत की कमाई से खरीदी गई बाइक ही उनके कामकाज का सहारा है। बाइक गायब होने से उनका रोज़मर्रा का कामकाज प्रभावित हो रहा है। शुभम ने प्रशासन और जिम्मेदार नेताओं से अपील की है कि उनकी बाइक जल्द से जल्द वापस कराई जाए, ताकि उनकी परेशानी खत्म हो सके।