बीजापुर मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या हुई 15, सुरक्षाबलों ने 10 किमी तक सील किया एरिया

बीजापुर के गंगालूर इलाके में बुधवार को सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। पहले 12 माओवादियों के मारे जाने की पुष्टि की गई थी, लेकिन सर्चिंग आगे बढ़ने के बाद अब यह संख्या बढ़कर 15 हो गई है। इसकी आधिकारिक पुष्टि एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने की है। उन्होंने बताया कि अब तक 15 नक्सली मारे गए हैं। 10 किमी के इलाके को सील कर सर्चिंग की जा रही है। संख्या बढ़ भी सकती है।

कई घंटों तक चली फायरिंग
सुरक्षा बलों ने बुधवार को दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों की सीमा पर नक्सलियों के खिलाफ एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच ज़बरदस्त मुठभेड़ हुई। कई घंटों तक चली इस गोलीबारी में सुरक्षा बलों ने 15 नक्सलियों को मार गिराया। हालांकि, इस मुठभेड़ में देश ने अपने तीन बहादुर जवान भी खो दिए। शहीद होने वालों में हेड कांस्टेबल मोनू वडाडी और कांस्टेबल दुकारू गोंडे और रमेश सोड़ी शामिल थे।



