बलरामपुर

बलरामपुर-रामानुजगंज में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के शंकरगढ़ विकासखंड अंतर्गत दीपाडीह कला क्षेत्र की गलफुल्ला नदी से हो रहे अवैध रेत खनन पर प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही की है। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से 14 ट्रैक्टर रेत समेत जब्त किए और 100 से अधिक श्रमिकों को खनन कार्य से हटाया।

सूचना पर गठित हुई संयुक्त टीम

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी ने बताया कि गलफुल्ला नदी से बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर तुरंत संयुक्त दल का गठन किया गया। इसके बाद नायब तहसीलदार शंकरगढ़ और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त बल तैनात किया गया ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

मौके पर हालात

टीम के पहुंचने पर पाया गया कि नदी तट पर 14 ट्रैक्टर रेत से भरे जा रहे थे और उत्खनन कार्य में 100 से अधिक श्रमिक सक्रिय थे। थाना प्रभारी ने संयम और सूझबूझ से काम लेते हुए श्रमिकों की भीड़ को शांतिपूर्वक हटाया।

जब्ती और कानूनी कार्रवाई

नायब तहसीलदार की मौजूदगी में सभी ट्रैक्टर जब्त कर पुलिस चौकी दीपाडीह में रखा गया। इसके साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के प्रावधानों के तहत अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन का सख्त रुख

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त प्रयास से जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि एनजीटी के आदेशानुसार 15 जून से 15 अक्टूबर 2025 तक नदियों से रेत खनन पूर्णतः प्रतिबंधित है। इस दौरान यदि कोई अवैध खनन करता पकड़ा गया, तो पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था के मद्देनजर उस पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी।

Related Articles

Back to top button