देश

पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को धमकियां, पुलिस ने शुरू की जांच

झाड़ग्राम। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले स्थानीय दुकानदार बिक्रम साऊ को अब जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, ये धमकियां पाकिस्तान और बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल और वीडियो कॉल के जरिए दी जा रही हैं। लगातार मिल रही धमकियों से बिक्रम साऊ और उनका परिवार काफी दहशत में है।

कैसे शुरू हुआ मामला

19 अप्रैल को चुनावी जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी झाड़ग्राम में सड़क किनारे बिक्रम साऊ की दुकान पर रुके थे। इस दौरान उन्होंने दुकान पर बनी झालमुड़ी खाई और दुकानदार से बातचीत भी की थी। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद बिक्रम साऊ अचानक सुर्खियों में आ गए।

लोकप्रियता के बाद बढ़ा डर

परिवार का कहना है कि वायरल होने के बाद से ही उन्हें लगातार अनजान और अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। इन कॉल्स में परिवार को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की चेतावनी दी जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और परिवार की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।

फिलहाल, प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि धमकी देने वाले कॉल्स किन स्रोतों से किए जा रहे हैं और इनके पीछे कौन लोग हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button