छत्तीसगढ़

वेदांता पावर प्लांट हादसे पर गरमाई सियासत, युवा कांग्रेस ने जारी की फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट

रायपुर। भारतीय युवा कांग्रेस ने सक्ती जिले में हुए वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर राज्य सरकार और प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। युवा कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट जारी की और हादसे में लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाया।

प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा और कुनकुरी नगर पालिका अध्यक्ष विनयशील गुप्ता ने संयुक्त प्रेस वार्ता में दावा किया कि हादसे की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पावर प्लांट के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती गई।

युवा कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि हादसे के बाद दर्ज की गई एफआईआर अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई। उनका आरोप है कि पूरे मामले को दबाने और रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी दावा किया गया कि हादसे से करीब 10 दिन पहले प्लांट में “शॉर्ट शटडाउन” हुआ था। उन्होंने पूछा कि ऐसे मामलों में उद्योग विभाग से अनुमति लेना जरूरी होता है, तो क्या प्लांट प्रबंधन ने आवश्यक अनुमति ली थी या नहीं।

पूरे प्रदेश के पावर प्लांट का सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग

युवा कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के सभी पावर प्लांट्स का व्यापक सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की है। नेताओं ने कहा कि केवल मुआवजा देकर मामले को खत्म नहीं किया जा सकता।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एफआईआर सार्वजनिक नहीं की गई और दोषियों पर कड़ी धाराओं में कार्रवाई नहीं हुई, तो युवा कांग्रेस सक्ती से रायपुर तक बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन करेगी।

Related Articles

Back to top button