छत्तीसगढ़

Teachers Day Special: डिप्टी CM विजय शर्मा ने अपने शिक्षकों के पैर छूकर लिया आशीर्वाद, 108 शिक्षक हुए सम्मानित

कवर्धा। शिक्षक दिवस के अवसर पर कवर्धा में आयोजित सम्मान समारोह में भावुक और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन के गुरुजनों का सम्मान करते हुए उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। अपने पुराने शिक्षकों से मिलकर उप मुख्यमंत्री भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि जीवन में गुरु का स्थान सबसे ऊंचा होता है और गुरुजनों से मिले संस्कार एवं ज्ञान व्यक्ति को जीवनभर सही दिशा दिखाते हैं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, कवर्धा में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण, शिक्षा सत्र 2026-27, शिक्षा दूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 108 शिक्षकों को शिक्षा दूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में सेवानिवृत्त शिक्षक भी शामिल रहे।

उप मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, मोमेंटो और प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य विद्यार्थियों के साथ-साथ पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।

शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं, जीवन जीने की सीख देते हैं

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज में हमेशा से आदरणीय और अग्रणी स्थान रखते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबों और पाठ्यक्रम का ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि कक्षा में शिक्षक द्वारा दिया गया ज्ञान और गुरुजनों से मिले संस्कार विद्यार्थी के जीवन में लंबे समय तक बने रहते हैं। जीवन के अलग-अलग पड़ाव पर वही शिक्षा और संस्कार कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने तथा आगे बढ़ने की ताकत देते हैं।

विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में समाज और देश की जिम्मेदारी संभालेंगे और उनके व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों का योगदान सबसे अहम है।

अपने गुरुजनों को देखकर याद आया विद्यार्थी जीवन

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन की यादें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वामी करपात्री जी विद्यालय में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक शिक्षा प्राप्त की है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुरुजनों ने केवल पढ़ाई ही नहीं कराई, बल्कि खेलकूद और अन्य गतिविधियों के माध्यम से भी जीवन की कई महत्वपूर्ण बातें सिखाईं। उस समय गुरुजनों द्वारा दी गई शिक्षा और संस्कार आज भी उनके जीवन में उपयोगी साबित हो रहे हैं।

विजय शर्मा ने कहा कि बचपन में गुरुजनों के साथ बिताए गए पल आज भी उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण और चीरस्मरणीय हैं। उन्होंने कहा कि उन दिनों मिली सीख और मार्गदर्शन आज भी उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

अपने गुरुजनों का किया सम्मान, चरण स्पर्श कर लिया आशीर्वाद

शिक्षक दिवस समारोह में सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन के गुरुजनों जी.आर. चंदेल, पी.पी. दुबे, एम.आर. महोबिया, विजेंद्र श्रीवास्तव और एम.के. गुप्ता का सम्मान किया।

उन्होंने अपने गुरुजनों को शॉल और श्रीफल भेंट किया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने गुरुजनों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान समारोह में मौजूद लोगों के लिए यह पल विशेष रहा।

विजय शर्मा ने कहा कि गुरु का स्थान व्यक्ति के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है। माता-पिता के बाद गुरु ही व्यक्ति को सही और गलत का अंतर समझाते हैं तथा जीवन में आगे बढ़ने की राह दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरुजनों से प्राप्त शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

84 हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 84 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इनमें से 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा स्थापित की जा चुकी है, जबकि बाकी 34 स्कूलों में भी जल्द स्मार्ट क्लास रूम तैयार किए जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से विद्यार्थियों को पढ़ाई को समझने में आसानी होगी। स्मार्ट क्लास के माध्यम से ऑडियो-विजुअल और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर शिक्षा को ज्यादा प्रभावी और रोचक बनाया जा सकेगा। यह पहल ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

7,500 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बालिकाओं के लिए स्कूलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 हजार 500 स्कूलों में बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए विद्यालय में सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण होना बेहद जरूरी है। बालिका शौचालय की सुविधा उपलब्ध होने से छात्राओं को स्कूल में बेहतर वातावरण मिलेगा और उन्हें असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रत्येक स्कूल में बालिकाओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा से लगातार जोड़े रखना और उनके लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है।

कवर्धा मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों पर पढ़ाई शुरू

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज को लेकर भी बड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कवर्धा मेडिकल कॉलेज में इस वर्ष 50 सीटों पर पढ़ाई शुरू हो गई है।

उन्होंने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। अब जिले के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।

उन्होंने गर्व के साथ बताया कि मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लेने वाले पहले विद्यार्थी सहसपुर लोहारा के हिमांशु देवांगन हैं। उन्होंने कहा कि जिले में चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत होना कवर्धा के लिए नए अवसरों का द्वार खोलने वाला कदम है।

शिक्षा के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बढ़ रहे अवसर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों महत्वपूर्ण आधार हैं। कवर्धा में स्कूलों में स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित करने के साथ मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई शुरू होना जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, आधुनिक संसाधन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें। इसके लिए स्कूल शिक्षा से लेकर उच्च और चिकित्सा शिक्षा तक सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और शिक्षक रहे मौजूद

सम्मान समारोह में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, लोकचन्द साहू, मनीराम साहू, राजा टाटिया और विजय लक्ष्मी तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

समारोह में शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ उनके योगदान को याद किया गया। वहीं उप मुख्यमंत्री द्वारा अपने पुराने गुरुजनों का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेना कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण रहा।

Related Articles

Back to top button