
रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 21 जून को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के 10 दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने आ रहे राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा राहुल गांधी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर कांग्रेस ने भी कड़ा पलटवार किया है।
भाजपा विधायक का विवादित बयान
राहुल गांधी के दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि “दिल्ली से जोकर आ रहा है, अब छत्तीसगढ़ में 10 दिनों तक सर्कस चलेगा।” उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में लेन-देन और भ्रष्टाचार की संस्कृति रही है।
पुरंदर मिश्रा ने आगे कहा कि “जो राम को काल्पनिक मानते हैं, वे अब भगवान राम के मामा गांव कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। उनका स्वागत है, लेकिन वे यहां आकर क्या सिखाएंगे? क्या वे आलू से सोना निकालकर छत्तीसगढ़ को समृद्ध बनाने की कला सिखाएंगे?” उन्होंने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर की उपयोगिता पर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस का पलटवार
भाजपा विधायक के बयान पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से अस्थिर हो चुके हैं। उन्हें अब इलाज की जरूरत है। यदि भाजपा उनका इलाज नहीं करा पा रही है, तो कांग्रेस उनके इलाज की व्यवस्था करने को तैयार है।”
विकास उपाध्याय ने आगे कहा कि पुरंदर मिश्रा केवल सुर्खियां बटोरने और अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने उन्हें “एक बार के एक्सीडेंटल विधायक” बताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक राजनीति के अनुरूप नहीं है।
आज से शुरू हुआ कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर
इधर, कांग्रेस का 10 दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर आज से रायपुर जिले के अभनपुर में शुरू हो गया है। इस शिविर में प्रदेशभर के जिला कांग्रेस अध्यक्षों, शहर अध्यक्षों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क, संविधान और कांग्रेस की विचारधारा सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिविर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता विभिन्न सत्रों में मार्गदर्शन देंगे।
21 जून को राहुल गांधी का कार्यक्रम
राहुल गांधी 21 जून को रायपुर पहुंचेंगे और अभनपुर स्थित प्रशिक्षण शिविर में करीब साढ़े पांच घंटे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे तथा संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों की रणनीति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के संगठनात्मक अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, उनके आगमन से पहले शुरू हुई तीखी राजनीतिक बयानबाजी ने प्रदेश की सियासत को और गर्मा दिया है।



