छत्तीसगढ़

 कार्तिक जतरा-2025 में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जशपुर में लैंड कर सड़क मार्ग से जाएंगी झारखंड…

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज झारखंड के दौरे पर रहेंगी, लेकिन इससे पहले वह छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में लैंड करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू झारखंड के मांझाटोली में आयोजित होने वाले अंतर्राज्यीय जन-सांस्कृतिक समागम समारोह ‘कार्तिक जतरा-2025’ में शिरकत करने जा रही हैं। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह पहले जशपुर पहुंचेंगी और वहां से सड़क मार्ग के जरिए झारखंड के लिए रवाना होंगी।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का विमान जशपुर जिले के आगडीह हवाई पट्टी पर उतरेगा। हवाई पट्टी पर उतरने के बाद राष्ट्रपति करीब 21 किलोमीटर का सफर सड़क मार्ग से तय कर झारखंड के मांझाटोली स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी। यह आयोजन अंतर्राज्यीय स्तर का है, जिसमें छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोककला का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जशपुर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आगडीह हवाई पट्टी से लेकर सड़क मार्ग और कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं, ताकि राष्ट्रपति की यात्रा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री साय सुबह 11.20 बजे स्वर्गीय कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे 11.40 बजे बगीचा–रायडीह में आयोजित अंतर्राज्यीय जन-सांस्कृतिक संगम समारोह में पहुंचेंगे।

तीन राज्यों के मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद

‘कार्तिक जतरा-2025’ कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा—तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री एक साथ मौजूद रहेंगे। यह आयोजन जनजातीय संस्कृति, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

कुल मिलाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह दौरा न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिहाज से भी खास माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button